*TV 20 NEWS || LUCKNOW:विकसित भारत- जी राम जी (VB-G RAM G) के अंतर्गत विकास कार्यों का कराया जाए ड्रोन तकनीक से सटीक सर्वेक्षण : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य*

प्रेस विज्ञप्ति

– *विकसित भारत- जी राम जी (VB-G RAM G) के अंतर्गत विकास कार्यों का कराया जाए ड्रोन तकनीक से सटीक सर्वेक्षण : उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य*

– *ड्रोन आधारित मैपिंग एवं फोटोशूट से 12 जनपदों में विकास कार्यों की होगी नियमित निगरानी की जाए*

– *पारदर्शिता, गुणवत्ता, जवाबदेही एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*

लखनऊ, 06 अगस्त 2026
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकसित भारत- जी राम जी (VB-G RAM G) के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की निगरानी आधुनिक तकनीक के माध्यम से की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चयनित 12 जनपदों में विकास कार्यों का ड्रोन आधारित मैपिंग एवं फोटोशूट कराया जाए, ताकि प्रत्येक कार्य का सटीक, निष्पक्ष एवं तकनीक आधारित मूल्यांकन सुनिश्चित हो सके।

उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग कर रही है। ड्रोन तकनीक के माध्यम से विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का समय-समय पर आकलन किया जाएगा, जिससे कार्यों की गुणवत्ता पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई संभव होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से तैयार होने वाले डिजिटल अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाए तथा प्रत्येक परियोजना की प्रगति का तुलनात्मक विश्लेषण नियमित रूप से किया जाए। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी, जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर विकास कार्य पूर्ण कराने में सहायता मिलेगी।

श्री मौर्य ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा, संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा तथा जनता का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रोन आधारित सर्वेक्षण से प्राप्त रिपोर्टों की नियमित समीक्षा की जाए और जिन कार्यों में प्रगति अपेक्षित स्तर पर न हो, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। प्रत्येक विकास परियोजना निर्धारित मानकों के अनुरूप, गुणवत्ता के साथ तथा समयबद्ध रूप से पूर्ण होनी चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ड्रोन तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली से प्रदेश में विकास कार्यों के क्रियान्वयन में नई पारदर्शिता आएगी और विकसित भारत- जी राम जी (VB-G RAM G) के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।