*TV 20 NEWS || AZAMGARH :राजकीय आईटीआई आजमगढ़ में कैंपस सेलेक्शन का आयोजन, एमआरएफ प्रा. लि. गुजरात ने 36 अभ्यर्थियों का किया चयन*
*राजकीय आईटीआई आजमगढ़ में कैंपस सेलेक्शन का आयोजन, एमआरएफ प्रा. लि. गुजरात ने 36 अभ्यर्थियों का किया चयन*
आजमगढ़, 06 अगस्त 2026/
सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, आजमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में प्रातः 10:00 बजे से कैंपस सेलेक्शन का आयोजन किया गया।
कैंपस चयन प्रक्रिया में एमआरएफ प्रा. लि., गुजरात की ओर से भर्ती टीम ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आईटीआई उत्तीर्ण एवं पात्र अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 73 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया, जिनका कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण एवं साक्षात्कार लिया गया।
चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत कंपनी द्वारा 36 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों ने रोजगार का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय आईटीआई प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान दीपक कुमार यादव ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास है कि अधिक से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित कर प्रशिक्षित युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपने तकनीकी कौशल, अनुशासन एवं कार्यकुशलता को निरंतर विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करना समय की मांग है। सेवायोजन विभाग एवं आईटीआई द्वारा भविष्य में भी ऐसे रोजगारपरक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाता रहेगा, जिससे अधिकाधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
कैंपस सेलेक्शन के सफल आयोजन में प्रधानाचार्य दीपक कुमार यादव के साथ कार्यदेशक संजीत बेरा, प्लेसमेंट प्रभारी फतेह बहादुर वर्मा, सुशील कुमार राय, विजय प्रताप एवं संस्थान के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।






