*TV 20 NEWS || AZAMGARH :बाबा भैरवनाथ इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक*
बाबा भैरवनाथ इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
*गुड टच-बैड टच, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी *
आजमगढ़, 06 अगस्त 2026/
जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के निर्देशानुसार मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बाबा भैरवनाथ इंटर कॉलेज, भंवरनाथ, जनपद आजमगढ़ में हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन (HEW) द्वारा छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला मिशन कोऑर्डिनेटर श्रीमती प्रीति उपाध्याय ने छात्राओं को गुड टच एवं बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक बच्चे को अपने शरीर के प्रति सजग रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार की स्थिति में तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को लैंगिक उत्पीड़न से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और किसी भी प्रकार के शोषण अथवा हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित जिला प्रोबेशन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न महिला एवं बाल कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका अधिक से अधिक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर श्रीमती सरिता पाल ने महिलाओं एवं बालिकाओं को वन स्टॉप सेंटर द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की शिकार महिलाओं एवं बालिकाओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से आपातकालीन सहायता, चिकित्सीय सुविधा, कानूनी परामर्श, मनोसामाजिक परामर्श, पुलिस सहायता तथा अस्थायी आश्रय जैसी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने उपस्थित छात्राओं से अपील की कि किसी भी संकट की स्थिति में बिना किसी झिझक के उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं एवं संबंधित विभागों की सहायता लें।
जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती अन्नू सिंह ने लैंगिक समानता, महिला अधिकार, बालिका शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज में समानता एवं सम्मान का वातावरण तभी विकसित होगा जब प्रत्येक व्यक्ति महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों का सम्मान करेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने तथा समान अवसरों वाले समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि यदि किसी भी बच्चे के साथ हिंसा, शोषण, उपेक्षा, बाल श्रम, बाल विवाह अथवा किसी अन्य प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो वे तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा, बाल अधिकार एवं सरकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया गया। उपस्थित छात्र-छात्राओं को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में महिलाओं एवं बच्चों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमाकांत पांडे ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें सामाजिक एवं कानूनी रूप से जागरूक बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जिला प्रोबेशन विभाग एवं हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। उपस्थित सभी लोगों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की।






