TV20 NEWS ||AZAMGARH :पवई बस दुर्घटना में घायल, सदर अस्पताल में इलाजरत सवारियों से डीएम,एसएसपी ने प्रातःकाल व दोपहर में अस्पताल पहुंचकर, बातचीत कर चिकित्सकीय उपचार की ली जानकारी

पवई बस दुर्घटना में घायल बहनों ने बांधी राखी, डीएम-एसएसपी ने निभाया भाई का फर्ज

मानवीय संवेदना के साथ घायलों की हरसंभव मदद में जुटा जिला प्रशासन, 13 स्वस्थ मरीजों को सुरक्षित घर पहुंचाया गया

दुर्घटना में प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति एवं उसके परिवार के साथ प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है -जिलाधिकारी

आजमगढ़, 28 अगस्त 2026

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि लगभग 01 बजे थाना पवई क्षेत्रांतर्गत 191.2 किलोमीटर के पास अनियंत्रित पिकअप वाहन के अचानक सामने आ जाने से रोडवेज बस बचाने के दरमियान पोल एवं डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में बस में सवार 76 यात्रियों में से 34 यात्री घायल हुए। हादसे में बस चालक रजनीकांत सहित एक 50 वर्षीय महिला की मृत्यु हो गई।

दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना पवई पुलिस-प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम द्वारा दुर्घटनाग्रस्त बस से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम को तत्काल सक्रिय करते हुए सभी घायलों का समुचित चिकित्सीय उपचार शुरू कराया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.सी. कन्नौजिया स्वयं अस्पताल में उपस्थित रहकर घायलों के उपचार एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

डीएम-एसएसपी ने सदर अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

प्रातः जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के साथ सदर अस्पताल पहुंचकर दुर्घटना में घायल यात्रियों का हाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों से प्रत्येक घायल के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली तथा अस्पताल में भर्ती घायलों के साथ उनके परिजनों एवं अटेंडेंट के लिए नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

इसके बाद दोपहर में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुनः अस्पताल का भ्रमण कर घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर चिकित्सकीय उपचार, दवाओं, भोजन तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चोटिल बहनों ने बांधी राखी, डीएम, एसएसपी ने निभाया भाई का फर्ज

अस्पताल में इलाजरत करीब 20 चोटिल महिलाओं एवं बच्चियों ने जब जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को राखी बांधी तो माहौल भावुक हो गया। सुनीता, सृष्टि, श्रेया, अंकिता कुमारी सहित 04 वर्षीय एलकेजी छात्रा साक्षी ने अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह का भाव प्रकट किया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने भी इन बहनों को उपहार भेंट कर भाई का फर्ज निभाया तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अधिकारियों ने सभी घायल महिलाओं एवं उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

बस चालक रजनीकांत ने यात्रियों की जान बचाते हुए दिया सर्वोच्च बलिदान

दुर्घटना में रोडवेज बस चालक रजनीकांत ने यात्रियों की जान सुरक्षित बचाने का प्रयास करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके इस साहस और कर्तव्य परायणता को अधिकारियों ने सराहा। हादसे में एक 50 वर्षीय महिला की भी मृत्यु हुई है।

जिलाधिकारी के निर्देशन में परिवहन निगम द्वारा दोनों मृतकों के परिजनों को अलग-अलग 7.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सहित दुर्घटना में सभी घायल यात्रियों को भी नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

13 मरीज स्वस्थ होकर सुरक्षित घर पहुंचे

बस में सवार कुल 76 यात्रियों में से 34 घायल एवं चोटिल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अपराह्न 01 बजे तक समुचित उपचार के बाद 13 मरीज स्वस्थ हो गए, जिन्हें प्रशासन द्वारा सुरक्षित उनके घर पहुंचा दिया गया। शेष घायलों का अस्पताल में समुचित उपचार जारी है और चिकित्सकों द्वारा उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता दुर्घटना में घायल सभी लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना तथा उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग प्रदान करना है। प्रशासन द्वारा राहत, उपचार, भोजन, आर्थिक सहायता एवं सुरक्षित घर पहुंचाने सहित प्रत्येक स्तर पर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना में प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति एवं उसके परिवार के साथ प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और घायलों की हरसंभव मदद के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।