*TV 20 NEWS || AZAMGARH :श्री अन्न की खेती, प्रसंस्करण एवं उपभोग को बढ़ावा देने के लिए 10 अधिकारियों/कर्मचारियों का प्रशिक्षण-सह एक्सपोजर विजिट दल बिहार रवाना*

*श्री अन्न की खेती, प्रसंस्करण एवं उपभोग को बढ़ावा देने के लिए 10 अधिकारियों/कर्मचारियों का प्रशिक्षण-सह एक्सपोजर विजिट दल बिहार रवाना*

*सर्वोत्तम पद्धतियों का अध्ययन कर जनपद में मिलेट्स कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने पर दिया जाएगा जोर*

*आजमगढ़, 18 सितम्बर 2026//*

प्रदेश सरकार द्वारा संचालित *उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार योजना, राज्य सेक्टर* के अंतर्गत जनपदीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण-सह-एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में देश एवं प्रदेश में मिलेट्स के क्षेत्र में अपनाई जा रही उत्कृष्ट एवं नवीनतम पद्धतियों का ऑनसाइट अध्ययन करने के लिए आजमगढ़ जनपद से प्रतिभागी दल को *उप कृषि निदेशक आजमगढ़ आशीष कुमार* द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण-सह-एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को मिलेट्स अर्थात *श्री अन्न की खेती, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं उपभोग* से संबंधित नवीनतम तकनीकों तथा उत्कृष्ट कार्य-पद्धतियों से अवगत कराना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा मिलेट्स के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं सफल प्रयोगों का स्थलीय अध्ययन किया जाएगा, जिससे इन सर्वोत्तम पद्धतियों को जनपद में प्रभावी रूप से लागू किया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकी जानकारी एवं व्यवहारिक अनुभव के आधार पर जनपद में मिलेट्स कार्यक्रम के संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही, किसानों को श्री अन्न की खेती के लिए प्रोत्साहित करने, उत्पादन की नवीन तकनीकों को अपनाने, मिलेट्स के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने तथा आमजन में इसके पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि *प्रशिक्षण-सह-एक्सपोजर विजिट हेतु जनपद आजमगढ़ से कुल 10 अधिकारियों/कर्मचारियों का दल बिहार स्थित ‘बिहार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर मिलेट्स एण्ड वैल्यू चेन’, मायापुर, गया जी* के लिए रवाना किया गया है। प्रतिभागी दल वहां मिलेट्स उत्पादन एवं वैल्यू चेन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का अध्ययन करेगा तथा विशेषज्ञों से तकनीकी जानकारी प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को जनपद में धरातल पर लागू करते हुए *श्री अन्न के उत्पादन एवं उपयोग को बढ़ावा देने*, किसानों की आय में वृद्धि के अवसर सृजित करने तथा मिलेट्स आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाएगा। इससे जनपद में मिलेट्स की खेती को नई तकनीक एवं बेहतर प्रबंधन पद्धतियों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।

इस अवसर पर *योजना प्रभारी विकास कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए राजेश सिंह, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) डॉ. सी.एल. शर्मा, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी रामनिवास सिंह* सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

अंत में उप कृषि निदेशक आशीष कुमार द्वारा प्रशिक्षण-सह-एक्सपोजर विजिट में प्रतिभाग करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की गई। साथ ही प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकी ज्ञान को जनपद में किसानों तक पहुंचाने एवं श्री अन्न के क्षेत्र में प्रभावी रूप से प्रयोग किए जाने पर बल दिया गया।