*TV 20 NEWS || AZAMGARH : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के क्रम में आयोजित अप्रेंटिस मेले में 25 अभ्यर्थियों का हुआ चयन*

 

आजमगढ़, 18 सितम्बर 2026//

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के क्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, हर्रा की चुंगी, आजमगढ़ में अप्रेंटिस मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य प्रशिक्षित युवाओं को उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों से जोड़ते हुए उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा।

अप्रेंटिस मेले में जनपद आजमगढ़ के लगभग 17 प्रतिष्ठानों/कंपनियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। विभिन्न प्रतिष्ठानों द्वारा कुल 83 रिक्तियों के सापेक्ष प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप में रखने हेतु सहमति प्रदान की गई। मेले में लगभग 150 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से कंपनियों द्वारा चयन प्रक्रिया के उपरांत 25 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

मेले में प्रतिभाग करने वाले प्रमुख प्रतिष्ठानों में महादेव ऑटोसेल्स, राजवंश मोटर्स, फैंसी कार केयर, दिशा इंटरप्राइजेज, नलकूप खंड आजमगढ़, विनायक हॉस्पिटल, दीप मोटर्स, मारुति कार, काशीनाथ हीरो एजेंसी, अदीबा ऑटोमोबाइल्स, ग्लोबल हॉस्पिटल, राजेंद्र टोयोटा, जी.एल.ए. अलमीरा, नेशनल अलमीरा, पी.डब्ल्यू.डी. आजमगढ़ एवं अम्बेडकर डिपो आदि शामिल रहे।

इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों को प्रधानाचार्य दीपक कुमार यादव, मारुति शरण शुक्ला, प्रबंधक मारुति कार केयर, धनंजय गिरी, प्रबंधक महादेव ऑटोसेल्स तथा विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी गईं।

अप्रेंटिस मेले के सफल संचालन में संजीत बेरा, कार्यदेशक तथा अनुदेशक इन्द्रपति कुमार, अरविन्द उपाध्याय एवं श्रीकान्त यादव द्वारा महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।

‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता एवं तकनीकी प्रशिक्षण के अनुरूप उद्योगों से जोड़ने का प्रयास किया गया। अप्रेंटिसशिप के माध्यम से युवाओं को कार्यस्थल पर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होने के साथ-साथ उनके कौशल विकास एवं भविष्य में रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।