TV20 NEWS || LUCKNOW: फल उत्पादन में यूपी नंबर वन, अब खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों से गांवों में बढ़ेंगे रोजगार

– फल उत्पादन में यूपी नंबर वन, अब खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों से गांवों में बढ़ेंगे रोजगार

* विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूती देगा यूपी का खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र

लखनऊ।दिनांक 16.10.2026 उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के दिशा-निर्देशों के क्रम में खाद्य प्रसंस्करण विभाग देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण श्री बी.एल. मीणा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (एनएचबी) के आंकड़ों के अनुसार फल उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख राज्यों में पहले स्थान पर है। देश के कुल फल उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी 15.08 प्रतिशत है। आंध्र प्रदेश 10.33 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे और तमिलनाडु 9.06 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण विभाग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तेजी से कार्य कर रहे है। हमारा लक्ष्य गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाकर युवाओं और माता-बहनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फल उत्पादन की इस मजबूत स्थिति को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। फलों से बनने वाले विभिन्न खाद्य उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन को प्रोत्साहित कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएंगे। हमारा लक्ष्य 2027 तक अत्यधिक मात्रा में गांव में उत्पादित खाद्य पदार्थों को विदेशी में निर्यात करना है।

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ग्रामीण युवाओं और आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाली माता-बहनों को छोटे एवं मध्यम स्तर के खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इससे स्थानीय कृषि उत्पादों का बेहतर उपयोग होगा, किसानों को बाजार मिलेगा और गांवों में ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। महिलाएं और युवा अपने उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कराना है।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और उत्तर प्रदेश को देश में अग्रणी बनाना है। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना है । विकसित भारत-2047 के निर्माण में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।