*TV 20 NEWS || AZAMGARH :देश सेवा के साथ जनगणना में भी भागीदारी, NCC कैडेट्स ने लिया स्व-गणना का प्रशिक्षण*
आजमगढ़ 14 नवम्बर 2026/
आजमगढ़ में जनगणना–2027 के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं अधिकाधिक लोगों की स्व-गणना में सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से NCC कैडेट्स के लिए स्व-गणना संबंधी प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने NCC कैडेट्स को जनगणना के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास की भावी योजनाओं का आधार है। उन्होंने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे स्वयं स्व-गणना की प्रक्रिया को समझें तथा अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज के अन्य वर्गों को भी इसके लिए जागरूक करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह, अरविंद कुमार यादव, सैमुल्लाह अंसारी एवं मनीष कुमार चौहान द्वारा NCC कैडेट्स को स्व-गणना की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्हें स्व-गणना पोर्टल पर लॉगिन करने, मोबाइल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने तथा स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करने के विभिन्न चरणों की जानकारी दी गई।
कैडेट्स को बताया गया कि स्व-गणना की सुविधा 16 से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए निवासी https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके उपरांत 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा जनगणना–2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
*जनगणना–2027*
*हमारी जनगणना, हमारा विकास!*






