*TV 20 NEWS || AZAMGARH :विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, विशेष अभियान दिवस विषयक जानकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से किया साझा*
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्राप्त किए जाएंगे दावे एवं आपत्तियां
फार्म 6, 7 एवं 8 के माध्यम से नाम जुड़वाने, हटवाने एवं विवरण में संशोधन का मिलेगा अवसर
21, 22, 28 एवं 29 नवम्बर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवसों का किया जाएगा आयोजन
पात्र नागरिको सहित विशेषकर युवा एवं महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने हेतु किये जा रहे विशेष प्रयास
मतदाता सूची की प्रविष्टियों की शुद्धता पर रहेगा विशेष जोर
आजमगढ़, 19 नवंबर 2026/
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों से कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027,
आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन, विशेष अभियान दिवस विषयक संवाद किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण/पुनर्व्यवस्थीकरण 02 नवंबर 2026 तक किया गया। एकीकृत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया गया है। मतदाता सूची में दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा। जनपद आजमगढ़ में 02 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एवं 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। जनपद में कुल 2297 मतदान केंद्र तथा 4361 मतदेय स्थल हैं। पुनरीक्षण कार्य के लिए 4361 बीएलओ एवं 444 सुपरवाइजर तैनात हैं। इसके अतिरिक्त 10 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा 75 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नामित हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के समय जनपद में कुल 34,16,753 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 18,44,626 पुरुष, 15,72,086 महिला तथा 41 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। जनपद का जेंडर रेशियो 852 तथा ईपी रेशियो 60.75 है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2027 में 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई तथा 01 अक्टूबर को अर्हता तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन निर्धारित तिथियों में से किसी भी तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा, जो संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास करते हैं, उस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में पंजीकृत होने के लिए पात्र होंगे।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग कार्यों हेतु प्रपत्र निर्धारित किए गए हैं। जो युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं अथवा पहली बार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहते हैं, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आयु प्रमाण पत्र (जन्म प्रमाण पत्र अथवा हाईस्कूल की अंकतालिका), निवास प्रमाण पत्र (आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली बिल अथवा पानी का बिल) पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना होगा। भारत के बाहर निवास करने वाले भारतीय नागरिक निर्वाचक नामावली में पंजीकरण के लिए निर्धारित फॉर्म-6क के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जिसके लिए भारतीय पासपोर्ट की प्रति (पहला, आखिरी व वीजा पेज), विदेश में निवास का प्रमाण, भारत में निवास का पता एवं फोटो संलग्न करें।
किसी मतदाता की मृत्यु होने, स्थान परिवर्तन होने अथवा डुप्लीकेट या गलत प्रविष्टि होने की स्थिति में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। मतदाता सूची में नाम, आयु, पता अथवा फोटो में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर सुधार कराने के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक फॉर्म-6, 6क, 7 एवं 8 के माध्यम से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। सभी पात्र नागरिक निर्धारित अवधि के भीतर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं, जिससे मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, अपात्र अथवा डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने तथा आवश्यक संशोधन कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट यदि एक बार में 10 या 10 से अधिक प्रारूप-6, 7 एवं 8 पर दावे/आपत्तियां प्रस्तुत करते हैं तो उन्हें भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित घोषणा-पत्र अनिवार्य रूप से देना होगा। उक्त घोषणा-पत्र बीएलओ को पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील किया कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम, विवरण एवं अन्य प्रविष्टियों की जांच अवश्य कर लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो अथवा नाम सम्मिलित कराने, हटाने या संशोधन की आवश्यकता हो तो निर्धारित अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 के मध्य संबंधित प्रपत्र के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में 17 नवम्बर 2026 से मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 04 जनवरी 2027 तक डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर संचालित है। उक्त केंद्र के माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए टोल फ्री एवं संपर्क नंबर- 1950, 05462-1950, 05462-246398 एवं 18001805902 है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि जनपद में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवम्बर 2026 को हो गया है। उक्त सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, आजमगढ़, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों तथा समस्त मतदेय स्थलों पर जनसामान्य के अवलोकनार्थ निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की एक-एक प्रति निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है जिससे वे सूची का अवलोकन कर आवश्यक परीक्षण एवं सत्यापन कर सकें।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 10 नवम्बर 2026 को जारी निर्देशों के क्रम में ऐसे मतदाताओं को विशेष राहत प्रदान की गई है, जिनका नाम पूर्ववर्ती एसआईआर की मतदाता सूची में सम्मिलित था, किन्तु वर्तमान ड्राफ्ट मतदाता सूची में उनका नाम उपलब्ध नहीं है तथा उनका नाम किसी अन्य विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में भी दर्ज नहीं है। ऐसे मतदाता प्रपत्र-6 के माध्यम से अपना नाम पुनः मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु आवेदन कर सकते हैं। 17 नवम्बर 2026 को बिना फोटो वाली आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची जनपद की वेबसाइट https://azamgarh.nic.in/deo-portal-azamgarh/ पर अपलोड करा दी गयी है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों सहित जन मानस को अवगत कराया कि जनपद के सभी तहसील कार्यालयों में ईवीएम का सार्वजनिक प्रदर्शन रहेगा, जहां पर कोई भी नागरिक ईवीएम मशीन की कार्य प्रणाली का अवलोकन कर अपनी जिज्ञासाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकता है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 21 एवं 22 नम्वबर तथा 28 एवं 29 नवम्बर, 2026 को जनपद के समस्त बूथों पर विशेष अभियान दिवसों का आयोजन किया जाएगा। इन दिवसों में बूथ लेवल अधिकारी अपने बूथ पर आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में फॉर्मों के साथ उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी डॉ पंकज कुमार, विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।






