*TV 20 NEWS || AZAMGARH :पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बस, ट्रेलर एवं ट्रक की टक्कर में 03 लोगों की मृत्यु, 14 घायल*

 

जिलाधिकारी ने मंडलीय जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का जाना हाल, बेहतर उपचार के दिए निर्देश

आजमगढ़, 19 नवंबर 2026//

जनपद आजमगढ़ के थाना मुबारकपुर क्षेत्रांतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 252 के निकट 19 नवंबर 2026 को प्रातः लगभग 7:50 बजे दिल्ली से गाजीपुर जा रही एक बस की ट्रेलर एवं ट्रक से टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उक्त स्थान पर इससे कुछ समय पूर्व भी एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। क्षेत्र में कोहरा होने के कारण दृश्यता कम होना दुर्घटना का संभावित कारण बताया जा रहा है।

उक्त सड़क दुर्घटना में बस चालक सहित कुल 03 व्यक्तियों की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि 14 व्यक्ति घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराया गया। सभी घायलों को उपचार हेतु मंडलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। घायलों में से एक व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए पीजीआई मेडिकल कॉलेज आजमगढ़ रेफर किया गया है। घायलों में अधिकांश व्यक्ति जनपद गाजीपुर के निवासी बताए गए हैं।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार तत्काल मंडलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं चिकित्सकों को सभी घायलों का समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

प्रशासन द्वारा दुर्घटना में मृत व्यक्तियों एवं घायलों के परिजनों से संपर्क स्थापित करने की कार्यवाही की जा रही है, ताकि उन्हें घटना की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही आवश्यक सहायता एवं सहयोग प्रदान किया जा सके। संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

दुर्घटना के उपरांत पुलिस के अधिकारियों द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने तथा मार्ग को साफ कर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई की गई। घटनास्थल पर शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारियों द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।