आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट की बैठक रविवार को संगठन के मुकेरीगंज स्थित जिला कार्यालय पर सम्पन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. जयशंकर मिश्र व संचालन जिलामंत्री पंकज कुमार सिंह ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. जयशंकर मिश्र ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 की प्रक्रिया प्रारंभ है, जिसमे माध्यमिक विद्यालय के अध्यापकों की भी चुनावी में तैनाती की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण छात्र एवं छात्राओं की पढ़ाई का काफी नुकसान हुआ है। जबकि बोर्ड परीक्षा विधानसभा चुनाव के बाद ही प्रारंभ हो जाएगी। ऐसे में शिक्षकों की चुनाव ड्यूटी लगाने से बच्चों की पढ़ाई का और नुकसान होगा। जिलाध्यक्ष ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग किया कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए माध्यमिक विद्यालय के अध्यापकों की चुनाव ड्यूटी न लगाई जाए।
जिलामंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आयोग द्वारा चयनित अध्यापकों के विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उनके वेतन भुगतान के लिए अधिकांश विद्यालयों में यह कहकर उनसे धन लिया गया है कि वित्त एवं लेखा विभाग में पैसा देना है तभी वेतन का भुगतान हो पाएगा। जिले के कुछ विद्यालय जहां के अध्यापकों ने अभी तक सुविधाशुल्क नहीं दिया है उनका वेतन बिल आज तक डीआईओएस कार्यालय में जमा नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग किया कि मामले की जांच कराई जाए और अध्यापकों का वेतन भुगतान के लिए जो पैसा लिया गया है उसे वापस कराया जाए। जिलामंत्री ने आगे कहा कि डीआईओएस कार्यालय में जिन विद्यालयों का वेतन बिल जमा हो चुका है, उसका भी भुगतान केवल भ्रष्टाचार के लिए आज तक जारी नहीं किया गया। उन्होंने पारदर्शी तरीके से तत्काल वेतन भुगतान की मांग किया।
कोषाध्यक्ष अबरार अहमद ने कहा कि मौसम विभाग ने 25 जनवरी से 30 जनवरी तक भीषण ठंड को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए तो विद्यालय बंद कर दिया गया है लेकिन अध्यापकों को आन-लाइन क्लास के लिए बुलाया जा रहा है जबकि घर से भी आनलाइन क्लास के जरिए क्लास संचालित किया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग किया कि भीषण ठंड के मद्देनजर 26 जनवरी को छोड़कर शेष दिनों के लिए अध्यापकों को विद्यालय न बुलाया जाए। जिससे हम शिक्षकों की भी कोरोना और ठंड से रक्षा हो सकें।
बैठक में संरक्षक रामजन्म सिंह, शेरबहादुर सिंह यादव, जीतबहादुर यादव, अमित श्रीवास्तव, एमसी ब्राडवे, रामसूरत बिन्द, जामवंत निषाद, राघेश्याम राजभर, अतुल सिंह, दिनेश प्रताप सिंह प्रधानाचार्य, कोमल यादव, अम्बरेश मौर्य, असफाक अहमद सहित आदि मौजूद रहे।






