आजमगढ़ : बाढ़ से निपटने हेतु तहसील सगड़ी का प्रशासन एलर्ट, बाढ़ से निपटने की तैयारियों में जुटा

प्रेस नोट
आजमगढ़ 02 जून– प्रभारी अधिकारी (आपदा) ने अवगत कराया है कि वर्षा ऋतु में प्रत्येक वर्ष आजमगढ़ के तहसील सगड़ी का अधिकांश क्षेत्र बाढ़ एवं जलप्लावन से प्रभावित होता है, जिससे जनहानि, पशुहानि एवं फसलों के साथ-साथ सम्पत्ति की क्षति होती है। उन्होने कहा कि यह आवश्यक है कि पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर बाढ़ आपदा तथा उससे उत्पन्न स्थिति का सामना करने के लिये संयुक्त रूप से कार्य करते हुए पहले से ही तैयारी रखी जाय, ताकि बाढ़ की स्थिति में जन एवं धन की हानि कम से कम हो और पीड़ित परिवारों को अविलम्ब राहत पहुँचाना सम्भव हो सके। आगामी वर्षा ऋतु में सम्भावित बाढ़ का प्रबन्धन करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत प्रदान करने हेतु एक विस्तृत कार्य योजना बनाया जाना अति आवश्यक है।
उन्होने कहा कि सम्भावित बाढ़ से निपटने हेतु तैयारी किये जाने संबंधित चेकलिस्ट संलग्न कर इस अनुरोध के साथ भेजी गयी है कि उक्त चेकलिस्ट में अंकित अपने विभाग से संबंधित बिन्दुवार सूचनाओं को तैयार कर दिनांक 26 मई 2022 तक अनिवार्य रूप से जिला आपदा प्रबन्ध कार्यालय कलेक्ट्रेट आजमगढ़ में उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गयी थी।
उक्त के क्रम में उन्होने अवगत कराया है कि संलग्न चेकलिस्ट पर संबंधित अधिकारियों द्वारा सूचना उपलब्ध नहीं करायी गयी। सूचना प्राप्त न होने की स्थिति में अग्रिम कार्यवाही नहीं की जा सकी।
प्रभारी अधिकारी आपदा ने संबंधित अधिकारियों से पुनः अनुरोध किया है कि चेकलिस्ट में अंकित अपने विभाग से सम्बन्धित बिन्दुवार सूचनाओं को तैयार कर दिनांक 04 जून 2022 को सायं 04ः00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आहुत बैठक में प्रतिभाग करें।

——-जि0सू0का0 आजमगढ़-02.06.2022——–