*TV 20 NEWS || LUCKNOW: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में स्वयं सहायता समूहों की दीदीयों की मेहनत को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बाजार*
प्रेस विज्ञप्ति
• यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में स्वयं सहायता समूहों की दीदीयों की मेहनत को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बाजार
• उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की पहल से प्रदेश की दीदियों को मिलेगा वैश्विक बाजार
• महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध डबल इंजन सरकार :
• गांव की चौखट से ग्लोबल बाजार तक पहुंचेगा दीदियों का हुनर, ट्रेड शो बनेगा आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग
उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ | 21 सितम्बर, 2026, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एवं मार्ट में 25 से 29 सितम्बर, 2026 तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा व्यापक स्तर पर प्रतिभाग किया जाएगा। इस ट्रेड शो में प्रदेश के सभी 75 जनपदों में गठित स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार किए गए विविध उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन किया जाएगा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में 75 जनपदों के चयनित 75 स्वयं सहायता समूहों द्वारा जूट उत्पाद, जरी साड़ी, ज्वेलरी, चिकनकारी की साड़ी एवं सूट, मसाले, नमकीन, अचार-मुरब्बा, पॉटरी, टेराकोटा, चमड़े के उत्पाद तथा बलिनी के उत्पाद सहित अनेक स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की दीदियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है। महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन प्रदान करना सरकार के संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर, परिश्रम और उद्यमशीलता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में भाग लेने वाली समूह की दीदियों को अपने उत्पादों के विपणन एवं बिक्री का बड़ा अवसर मिलेगा। इससे उनके उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त होगा। स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के हुनर को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने से उनकी आय और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। ट्रेड शो में समूह गठन, टेक होम राशन, बीसी सखी, विद्युत सखी, बलिनी सहित उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के अवसरों से जोड़ने तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जागरूकता बढ़ाना है।
मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि यह ट्रेड शो स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने और बेहतर आय अर्जित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि ट्रेड शो में पहुंचकर प्रदेश की दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी करें, उनका उत्साहवर्धन करें और ‘लोकल फॉर वोकल’ की पहल को मजबूती प्रदान करें। मिशन द्वारा प्रतिभागी महिलाओं के लिए रहने, भोजन एवं परिवहन की आवश्यक व्यवस्थाएं प्रतिवर्ष की भांति निःशुल्क की जा रही हैं। ट्रेड शो में प्रतिभागिता के लिए मिशन स्तर से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।






