आजमगढ़। शुक्रवार की देर शाम शासन की ओर से जनपद की 22 ब्लाक प्रमुख की सीटों का आरक्षण भी जारी कर दिया गया। इसमें शासन की ओर से 22 में से 15 सीटों को विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। जबकि शेष बची सात सीटें अनारक्षित होंगी।जनपद में पंचायत चुनाव की सरगर्मी काफी बढ़ गई है। चुनाव से पूर्व होने वाले आरक्षण को लेकर सबकी निगाहें लगी हुई थी। इसके लिए बहुत से लोग जो तैयारियों में जुटे हुए थे वह अपने पत्ते नहीं खोल रहे थे। शुक्रवार को शासन ने सभी कयासों पर विराम लगाते हुए ब्लाक प्रमुख पद की सीटों का आरक्षण भी जारी कर दिया। शासन द्वारा जनपद की 22 सीटों में दो सीटें अनुसूचित महिला, तीन सीटें अनुसूचित जाति, दो अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, चार सीटें अन्य पिछड़ा वर्ग और चार सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की है। शेष सात सीटों केे अनारक्षित रखा गया है। शासन द्वारा जारी आरक्षण के बाद अब बहुत से लोगों का गणित गड़बड़ होने की संभावना जताई जा रही है। क्योंकि ब्लाक प्रमुख पद की कुर्सी की आस लिए वह जिस क्षेत्र से तैयारी में जुटे थे अगर उनके मुताबिक आरक्षण नहीं हुआ तो उनकी सारी तैयारी धरी की धरी रह जाएगी। वैसे अब सबकी निगाहें अपने क्षेत्र के ब्लाक प्रमुख पद की सीट के आरक्षण पर टिकी हुई है।