*TV 20 NEWS || AZAMGARH :हरिऔध कला केंद्र में होगा जनपदीय मुख्य समारोह, ओडीओपी प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं एवं उत्कृष्ट व्यापारियों का होगा सम्मान*

दानवीर भामाशाह के जन्मदिवस पर 29 जून को जनपद में धूमधाम से मनाया जाएगा “व्यापारी कल्याण दिवस”

हरिऔध कला केंद्र में होगा जनपदीय मुख्य समारोह, ओडीओपी प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं एवं उत्कृष्ट व्यापारियों का होगा सम्मान

आजमगढ़, 28 जून 2026
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महान दानवीर भामाशाह के जन्मदिवस 29 जून को पूरे प्रदेश के साथ जनपद आजमगढ़ में भी “व्यापारी कल्याण दिवस” जनसहभागिता के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम हरिऔध कला केंद्र में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों, व्यापारिक संगठनों, उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।

जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य महान दानवीर भामाशाह के त्याग, दान, राष्ट्रसेवा एवं व्यापारी समाज के प्रति उनके प्रेरणादायी योगदान को जन-जन तक पहुंचाना तथा व्यापारियों एवं उद्यमियों के सम्मान और कल्याण के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य कर विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग, नगर विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग तथा औद्योगिक विकास विभाग द्वारा अपने-अपने उद्यमियों, व्यावसायियों एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी)” से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार एवं विक्रय किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम स्थल हरिऔध कला केंद्र पर महान दानवीर भामाशाह के जीवन, व्यक्तित्व एवं उनके ऐतिहासिक योगदान पर आधारित अभिलेखों एवं चित्रों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से परिचित कराया जा सके।

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी विशेष आकर्षण रहेगा। स्वरांजलि, संगीत प्रस्तुतियों, भामाशाह के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं एवं नाटकों के माध्यम से उनकी महान दानशीलता, राष्ट्रभक्ति और लोककल्याण की भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही स्थानीय कला एवं संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर जनपद स्तर पर दानवीर भामाशाह विषयक चित्रकला, प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समारोह के दौरान सम्मानित कर पुरस्कृत किया जाएगा।

समारोह में राज्य कर विभाग द्वारा “भामाशाह पुरस्कार” प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रशंसनीय कार्य करने वाले तथा सर्वाधिक कर अदा करने वाले व्यापारियों एवं उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों के चयन एवं वितरण की संपूर्ण कार्यवाही राज्य कर विभाग द्वारा संपन्न कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान दानवीर भामाशाह के जीवन एवं उनके योगदान पर आधारित लघु फिल्म का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे उपस्थित जनसमूह विशेष रूप से युवा पीढ़ी उनके आदर्शों एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व से परिचित हो सके।

जनपद के व्यापारी कल्याण मंडलों, व्यापारिक संगठनों एवं विभिन्न व्यापारी संघों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों, फर्मों एवं कंपनियों पर भी “व्यापारी कल्याण दिवस” मनाने का आह्वान किया गया है। व्यापारियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर व्यापारी कल्याण दिवस के होर्डिंग एवं बैनर प्रदर्शित करें तथा स्वेच्छा से श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ मिष्ठान, शर्बत एवं फलों का वितरण कर महान दानवीर भामाशाह की लोककल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागिता निभाएं।

कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में राज्य कर विभाग के उपायुक्त धीरज राय, राकेश कुमार शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। जिला प्रशासन ने जनपद के व्यापारी संगठनों, उद्यमियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।