*TV 20 NEWS || GHAZIABAD: लोकमाता’ अहिल्याबाई होल्कर जी की 301वीं जयंती समारोह में सम्मिलित हुए उप मुख्यमंत्री*

प्रेस विज्ञप्ति

– लोकमाता’ अहिल्याबाई होल्कर जी की 301वीं जयंती समारोह में सम्मिलित हुए उप मुख्यमंत्री।

– संबोधन में कहा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित सर्वोपरि।

– प्रधानमंत्री जी भारतीय संस्कृति, महापुरुषों की विरासत और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को संरक्षित एवं समृद्ध कर रहे हैं।

– स्मृति द्वार का शिलान्यास एवं पौधारोपण किया।

गाजियाबाद/लखनऊ, दिनांक 28 जून। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज जनपद गाजियाबाद में ‘लोकमाता’ अहिल्याबाई होल्कर जी की 301वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह में सहभागिता करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी महान विभूति थीं, जिन्होंने अपने न्यायपूर्ण एवं जनकल्याणकारी शासन, सेवा, समर्पण और सांस्कृतिक चेतना के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की अमिट मिसाल प्रस्तुत की। उनका संपूर्ण जीवन लोकसेवा, सुशासन, नारी सशक्तिकरण तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित रहा।

उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने देशभर के अनेक तीर्थस्थलों, मंदिरों, घाटों और धर्मशालाओं का निर्माण एवं पुनर्निर्माण कर भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई ऊर्जा प्रदान की। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास पहुंचाने का कार्य किया। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकारें भारतीय संस्कृति, महापुरुषों की विरासत और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को संरक्षित एवं समृद्ध करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने लोनी बॉर्डर बस डिपो के निकट विधायक निधि योजना के अंतर्गत निर्मित होने वाले ‘लोकमाता’ अहिल्याबाई होल्कर जी स्मृति द्वार का विधिवत शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह स्मृति द्वार आने वाली पीढ़ियों को लोकमाता के महान व्यक्तित्व, उनके आदर्शों तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके अनुपम योगदान का स्मरण कराता रहेगा।

कार्यक्रम के उपरांत श्री मौर्य ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आग्रह करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण जनभागीदारी का महाअभियान बनना चाहिए। प्रत्येक नागरिक यदि अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक जनआंदोलन सिद्ध होगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और विरासत दोनों को समान महत्व देते हुए कार्य कर रही है। एक ओर आधुनिक आधारभूत संरचना का निर्माण किया जा रहा है तो दूसरी ओर राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर, महापुरुषों के आदर्शों और पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चैनपाल सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल, सांसद श्री अतुल गर्ग, विधायक श्री नन्द किशोर गुर्जर, अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी के आदर्शों पर चलकर समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेने के साथ हुआ।