*पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी*
आजमगढ़, 24 जुलाई, 2026/
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी चेतन सिंह ने बताया है कि शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के विद्यार्थियों के लिए पूर्वदशम छात्रवृत्ति (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति (कक्षा 11-12) योजना के ऑनलाइन आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति वितरण तक की कार्यवाही हेतु शासन द्वारा समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त नवीन विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटाबेस में सम्मिलित होने, पासवर्ड प्राप्त करने तथा मास्टर डाटा अद्यतन करने की कार्यवाही 22 जुलाई, 2026 से 05 अगस्त, 2026 तक की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा विद्यालयों की मान्यता, स्वीकृत सीटों की संख्या एवं विद्यालय प्रोफाइल का ऑनलाइन डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से सत्यापन 23 जुलाई, 2026 से 09 अगस्त, 2026 तक किया जाएगा।
छात्र-छात्राओं द्वारा छात्रवृत्ति आवेदन पत्र का नवीनीकरण (Renewal) 11 अगस्त, 2026 से 25 अगस्त, 2026 तक किया जाएगा। नवीनीकरण के ऑनलाइन आवेदन पत्रों को संबंधित शिक्षण संस्थानों द्वारा 11 अगस्त, 2026 से 30 अगस्त, 2026 तक अग्रसारित किया जाएगा।
इसी प्रकार नवीन (Fresh) छात्रवृत्ति आवेदन पत्र 11 अगस्त, 2026 से 21 सितम्बर, 2026 तक ऑनलाइन भरे जा सकेंगे। नवीन आवेदन पत्रों को संबंधित शिक्षण संस्थानों द्वारा 13 अगस्त, 2026 से 15 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन अग्रसारित किया जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) शिक्षण संस्थानों तथा पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का पालन करते हुए छात्रवृत्ति से संबंधित समस्त औपचारिकताएं समय से पूर्ण कर लें, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त हो सके।






