*TV 20 NEWS || AZAMGARH : ई-ऑफिस एवं आईजीआरएस के शत-प्रतिशत एवं प्रभावी संचालन हेतु नवागत अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण*

ई-ऑफिस एवं आईजीआरएस के शत-प्रतिशत एवं प्रभावी संचालन हेतु नवागत अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण

 

आजमगढ़, 24 जुलाई, 2026

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जनपद के समस्त कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली एवं आईजीआरएस के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन हेतु आज हरिऔध कला केन्द्र सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से पत्रावलियों के त्वरित निस्तारण तथा आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनपद में ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों का व्यवहार अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहा है, जबकि शासन की प्राथमिकताओं में ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत एवं प्रभावी संचालन प्रमुखता से शामिल है। इसी प्रकार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आईजीआरएस पोर्टल का सुचारू संचालन भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे दृष्टिगत रखते हुए जनपद में ई-ऑफिस एवं आईजीआरएस का शत-प्रतिशत एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में विशेष रूप से जनपद में नवागत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ ई-ऑफिस एवं आईजीआरएस से संबंधित कार्यों का तकनीकी रूप से संचालन करने वाले कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान ई-ऑफिस प्रणाली में पत्रावलियों को ऑनलाइन प्राप्त करने, उनका समयबद्ध निस्तारण करने, डिजिटल माध्यम से अग्रसारित करने तथा संबंधित प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के पंजीकरण, संदर्भों के समयबद्ध निस्तारण, गुणवत्तापूर्ण आख्या अपलोड करने एवं शिकायतों की प्रभावी मॉनिटरिंग के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।

जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चन्दन कुमार यादव एवं जिला आबकारी अधिकारी रमेश चन्द्र मिश्र द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं ईडीएम शरद यादव द्वारा आईजीआरएस पोर्टल के सुचारू संचालन एवं जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि ई-ऑफिस एवं आईजीआरएस शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल हैं। अतः दोनों प्रणालियों का शत-प्रतिशत एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करते हुए पत्रावलियों एवं जनशिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न किया जाए। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समयसीमा में कार्यों का निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता एवं तेजी आने के साथ ही आमजन को भी त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में समस्त नवागत अधिकारीगण सहित ई-ऑफिस एवं आईजीआरएस से संबंधित विभिन्न कार्यालयों के कार्यालयाध्यक्ष एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।