TV 20 NEWS || AZAMGARH : 23 जनवरी को आजमगढ़ में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित

आजमगढ़ 20 जनवरी– अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन श्री राहुल विश्वकर्मा ने बताया है कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर दिनांक 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के जन्म दिवस पर समस्त नागरिक सुरक्षा जनपदों में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित किये जाने के दृष्टिगत दिनांक 23 जनवरी 2026 को सायं 06ः00 बजे नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा डी०डी०एम०ए०, एस०डी०आर०एफ०, अग्नि शमन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के साथ सम्मिलित रूप से ब्लैक आउट मॉक ड्रिल करायी जायेगी।
उक्त आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी महोदय के अनुमोदन के अनुक्रम में दिनांक 21 जनवरी 2026 अपरान्ह 03ः00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई है तथा दिनांक 23 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन, आजमगढ़ में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

उक्त के परिप्रेक्ष्य में दिनांक 23 जनवरी 2026 के पूर्व ब्लैक आउट मॉक ड्रिल में प्रतिभाग करने हेतु कम से कम 50 नागरिक सुरक्षा स्वयं सेवक, आपदा मित्र, एन०सी०सी० कैडेड, एन०एस०ए० कैडेड, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, भूतपूर्व सैनिक इत्यादि को चयन किया जाना है। निर्धारित समय पर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित किया जाना है।

तद्नुसार जनपद आजमगढ़ में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा दिनांक 23 जनवरी 2026 को ब्लैक आउट मॉक ड्रिल कराये जाने हेतु निम्न बिन्दु पर कार्यवाही अपेक्षित है, जिसमें हवाई हमले की चेतावनी हेतु सायरन ध्वनि किया जाना (2मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में), सायरन ध्वनित होते ही सभी निर्धारित क्षेत्रों/स्थलों की विद्युत व्यवस्था बाधित कर ब्लैक आउट करना है। सायरन ध्वनित होने पर नागरिकों द्वारा सुरक्षित स्थान/शेलटरों में शरण लेना है। हवाई हमला का खतरा समाप्त होने पर आल क्लियर ध्वनि में सायरन ध्वनित करना (2 मिनट तक ऊंची आवाज में) है। हवाई हमले की चेतावनी समाप्त होने के उपरान्त नागरिक सुरक्षा के स्वयं सेवकों द्वारा छोटी आग बुझाने हेतु फायर एक्सटिंगुशर का प्रयोग करना तथा फायर सर्विस द्वारा बड़ी आग बुझाने हेतु फायर टेडर वेहिकल का प्रयोग करना है। हमले के दौरान घायल हुए लोगों का नागरिक सुरक्षा स्वयं सेवकों द्वारा प्राथमिक उपचार प्रदान करना है। ध्वस्त/क्षतिग्रस्त बिल्डिंगों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। गंभीर रूप से घायल लोगों को एम्बुलेंस से अस्पताल तक पहुँचाना है। मॉक ड्रिल समाप्ति की घोषणा की जायेगी।

उन्होने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा है कि शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के जन्म दिवस पर पुलिस लाइन आजमगढ़ में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित किये जाने के दृष्टिगत दिनांक 23 जनवरी 2026 को सायं 06ः00 बजे कराये जाने हेतु अपने विभाग/अनुभाग से अपेक्षित आवश्यक कार्यवाही करें तथा जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक दिनांक 21 जनवरी 2026 को एवं ब्लैक आउट मॉक ड्रिल दिनांक 23 जनवरी 2026 को नियत समय व स्थान पर स्वयं भी उपस्थित होना सुनिश्चित करें।