*TV 20 NEWS || AZAMGARH : श्रावण मास/कांवड़ मेला के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया भैरव बाबा मंदिर, महराजगंज का निरीक्षण*
श्रावण मास/कांवड़ मेला के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया भैरव बाबा मंदिर, महराजगंज का निरीक्षण
श्रद्धालुओं को मिले सुरक्षा एवं व्यवस्थित वातावरण, प्रशासन पूरी तरह सतर्क- जिलाधिकारी
भीड़ प्रबंधन, सुचारु यातायात, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता के साथ की जाए सुनिश्चित- जिलाधिकारी
श्रावण मास/कांवड़ मेला के दृष्टिगत सुरक्षा की रहेगी पर्याप्त व्यवस्था- एसएसपी
आजमगढ़, 06 अगस्त 2026/
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा संयुक्त रूप से भैरव बाबा मंदिर, महराजगंज का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान डीएम व एसएसपी ने मंदिर में पूजन-अर्चन भी किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर स्थित तालाब का निरीक्षण करते हुए कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। श्रद्धालु तालाब से जल लेकर समीप स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करते हैं तथा मेले में भी सम्मिलित होते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन, सुचारु यातायात, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का समुचित विकास कर उन्हें पर्यटन की दृष्टि से भी सुदृढ़ बनाया जाए। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कराए जा रहे हैं तथा आवश्यकता के अनुरूप जिला स्तर से प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे, जिससे ऐसे स्थलों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास संचालित दुकानों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाए जाने के निर्देश दिए, जिससे भीड़भाड़ की स्थिति में आवागमन बाधित न हो तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में स्थित खुले कुएं को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से उसके ऊपर मजबूत लोहे की जाली लगाए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
स्थानीय लोगों द्वारा मंदिर परिसर के समीप सार्वजनिक शौचालय निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने श्रावण मास एवं कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने पर बल देते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध पर बल दिया। उन्होंने तालाब में स्नान एवं जल भरने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत ट्यूब एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया गया तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सगड़ी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत महराजगंज, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






