*TV 20 NEWS || AZAMGARH :शहर के प्रतिष्ठित संस्थान सेंट जेवियर्स हाई स्कूल एलवल आजमगढ़ में दीपावली के शुभ अवसर पर आज दिनाँक 06.11.2026 को सर्वविघ्नहर्ता प्रथम पूज्य गणेश जी तथा समस्त ऐश्वर्यदात्री माँ लक्ष्मी की पूजा के उपलक्ष्य में मन मोहक रंगोली बनाई गई*
शहर के प्रतिष्ठित संस्थान सेंट जेवियर्स हाई स्कूल एलवल आजमगढ़ में दीपावली के शुभ अवसर पर आज दिनाँक 06.11.2026 को सर्वविघ्नहर्ता प्रथम पूज्य गणेश जी तथा समस्त ऐश्वर्यदात्री माँ लक्ष्मी की पूजा के उपलक्ष्य में मन मोहक रंगोली बनाई गई।
यह त्यौहार भारतीय संस्कृति का गौरवं है क्योंकि दीपावली रोशनी का पर्व है और दीया प्रकाश का प्रतीक है जो अंधकार को दूर करता है, एक तरफ संकल्प की प्रेरणा है जो लक्ष्य तक पहुँचने का माध्यम है। दीपावली मनाने की सार्थकता तब है जब अन्तर्मन का अंधकार दूर हो जाए, जलता हुआ दीपक संस्कारों की सीख देता है। हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है:-
“असतोमा सद्गमय, तमसोमा ज्योतिर्गमय”
इस अवसर पर विद्यालय में कला विभाग के सभी शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने अपनी सूझ-बूझ, कलात्मक दक्षता व रंगों के उचित संयोजन से अद्भुत दृश्यों का प्रदर्शन कर रंगोली का निर्माण किया।
इस रंगोली में छात्रों द्वारा विभिन्न प्रकार के रंगों, फूलों, पत्थर, कुल्हड़, दीये व मटके आदि के प्रयोग से आकर्षक रंगोली का निर्माण किया गया साथ ही इस रंगोली के माध्यम से लोगो को पटाखे से बचने व पारम्परिक तरीके से मिट्टी के बर्तनों का समुचित उपयोग करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर एक तरफ जहाँ विद्यालय की तरफ से सामूहिक रंगोली बनाई गई वहीं दूसरी तरफ विद्यालय के चारो हॉउस नेहरू (ग्रीन), आजाद (ब्लू), बोस (रेड) व गाँधी हॉउस (येलो) के छात्र-छात्राओं के बीच रंगोली प्रतियोगिता के साथ हॉउस बोर्ड प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी रंगोली के माध्यम से पर्यावरण उन्नयन, सामाजिक समरसता, विश्वबंधुत्व की संकल्पना एवं दीपावली त्यौहार का पौराणिक रहस्योद्घाटन करते हुए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से देश की रक्षा एवं सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस प्रतियोगिता का परिणाम निर्णायक मंडल मुख्य अतिथि डॉ० नमिता सी० विश्वकर्मा (एम० बी० बी० एस० एम० डी० असिस्टेंट प्रोफेसर, मेडिकल कॉलेज आजमगढ़) एवं विशिष्ट अतिथि डॉ० अनुभा श्रीवास्तव (असिस्टेंट प्रोफेसर अग्रसेन महिला पी० जी० कॉलेज), डॉ० गरिमा राय (असिस्टेंट प्रोफेसर श्री दुर्गा जी पी० कॉलेज) के द्वारा दिया गया।
सभी कलाकृतियाँ इतनी आकर्षक थीं कि बड़े ही कशमकश के पश्चात् निर्णय लिया गया, जिसमें ब्लू हाउस प्रथम, रेड हाउस द्वितीय और ग्रीन व येलो हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री प्रशान्त चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरूद्ध जायसवाल ने सभी छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दी।
विद्यालय प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय ने मुख्य व विशिष्ट अतिथिगण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कला विभाग के शिक्षकों व छात्रों तथा समस्त विद्यालय परिवार को दीपावली की अनंत शुभकामनाएं दी तथा यह संदेश दिया कि जिस प्रकार दीपावली में दीपक जलाकर तिमिर का नाश किया जाता है ठीक उसी प्रकार ज्ञानरूपी दीपक से छात्र-छात्राओं के हृदय से अज्ञान, दुर्गुण व स्वार्थ जैसी बुराइयों का नाश हो तथा सभी के जीवन में प्रकाश ही प्रकाश हों।
तत्पश्चात प्रधानाचार्य जी ने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समस्त विद्यालय परिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी।






