आजमगढ़: उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षक संघ पाण्डेय गुट ने बैठक कर आश्रम में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने पर किया चर्चा
आजमगढ़। उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय गुट) की बैठक मंगलवार को जिलाध्यक्ष डॉ. जयशंकर मिश्र की अध्यक्षता में संगठन कार्यालय मुकेरीगंज पर सम्पन्न हुई। संगठन के प्रदेशीय नेतृत्व द्वारा 3 व 4 जून 2022 को हरिद्वार के श्री शंकरपुरी आश्रम में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने और समाज के निचले पायदान पर खड़े बच्चों को शिक्षा का लाभ पहुंचाने के लिए व सरकार द्वारा विद्यालयों को चलाने में जिस प्रकार की कठिनाई उत्पन्न की जा रही है को लेकर एक चिंतन शिविर आयोजित किया गया, जिसकी चर्चा बैठक में की गई। संचालन जिलामंत्री पंकज कुमार सिंह ने किया।
बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलामंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहाकि चिंतन शिविर में जनपद से मेरे साथ जामवंत निषाद, राधेश्याम राजभर, प्रवीण कुमार, लवकुश सिंह सहित प्रदेश के सभी जनपदों से शिक्षको ने भाग लिया। श्री सिंह ने बताया कि चिंतन शिविर का उद्घाटन महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 श्री शंकरपुरी महाराज ने किया था। श्री सिंह ने कहाकि सरकार विद्यालयों में छात्र-छात्राओं से बायोमैट्रिक से हाजिरी करवाना चाहती है, लेकिन 40 मिनट की घंटी में बायोमैट्रिक से हाजिरी बनाने में आधा से ज्यादा समय समाप्त हो जायेगा फिर अध्यापक छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन सुचारू रूप से नहीं करा पायेंगे। ऐसे में जब रिजल्ट प्रतिशत कम होगा तो इसका दोष सरकार हम शिक्षकों पर थोपेगी। श्री सिंह ने आगे कहाकि विद्यालयों को शासन से कोई धनराशि नहीं दी जा रही है और न ही विद्यालयों के पास अतिरिक्त आय का श्रोत है। ऐसे में प्रत्येक छात्र-छात्राआें का ईमेल आईडी बनवाने और बायोमैट्रिक खरीदने की धनराशि प्रधानाचार्य कहा से लायेंगे। उन्होने कहाकि संगठन सरकार की इस नीति का पूरजोर विरोध करेगा। इन प्रमुख बिन्दुआें को चिंतन शिविर में संगठन महामंत्री नंद कुमार मिश्रा ने भी प्रमुखता से रखा।
संगठन महामंत्री नंद कुमार मिश्र ने कहाकि अध्यापक अपने विषयों को छा़त्र-छात्राओं को आसानी से समझ में आ सके ऐसे रूचिकर ढ़ंग से पठन पाठन का कार्य संपादित करना चाहिए। श्री मिश्र ने कहाकि विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं द्वारा अध्यापकों की चरित्र पंजिका प्रत्येक दिन उसके परिवार में लिखी जाती है इस बात का संज्ञान अध्यापक को हमेशा रखना चाहिए।
महामंत्री ने कहाकि सरकार से 3 प्रतिशत डीए का शासनादेश निर्गत कराने, पुरानी पेंशन लागू करने, तदर्थ अध्यापकों को विनियमितीकरण करने, वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत् अध्यापकों एवं कर्मचारियों को सम्मानजनक मानदेय दिलाने, माध्यमिक विद्यालयों के अध्यापकों के लिए स्थानांतरण को यथाशीघ्र प्रारंभ किए जाने, अध्यापकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस ईलाज की सुविधा मुहैया कराने के लिए संगठन जुलाई एवं अगस्त 2022 में भीषण संघर्ष लखनऊ में प्रारंभ करेगा।
बैठक में संरक्षक रामजन्म सिंह, अबरार अहमद, शेर बहादुर सिंह यादव, अमित श्रीवास्तव, मो. खालिद, दिनेश प्रताप सिंह प्रधानाचार्य, अतुल सिंह, एमसी ब्राडवे, जीत बहादुर यादव आदि शिक्षक मौजूद रहे।






