*TV 20 NEWS || AZAMGARH : मण्डलीय कानून व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा समिति की मण्डलायुक्त व डीआईजी ने की समीक्षा बैठक*

मण्डलीय कानून व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा समिति की मण्डलायुक्त व डीआईजी ने की समीक्षा बैठक

ग्राम समाज व शहरी क्षेत्रों में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने का मण्डलायुक्त ने दिया निर्देश

शासन के निर्देशानुसार टोल प्लाजों पर देशभक्ति गानों के साथ सड़क सुरक्षा नियमों व बचावों की बजेगी गूंज

दुर्घटना से बचाव हेतु सड़कों पर लगेंगे रिफ्लेक्टर, साइनेज व सचेतक बोर्ड- मण्डलायुक्त

स्कूली वाहनों की शत प्रतिशत कराई जाय फिटनेश, लापरवाही पड़ेगी भारी- मण्डलायुक्त विवेक

आजमगढ़ 30 मई 2026/
मण्डलायुक्त विवेक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में मण्डलायुक्त सभागार में मण्डलीय कानून व्यवस्था तथा मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मण्डलीय व जनपदीय संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के अन्तर्गत मण्डलायुक्त ने बताया कि विगत दिनों मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा वीसी में दिये गये निर्देशों के अनुपालन में मण्डल के तीनों जनपदों के सभी टोल प्लाजों पर देशभक्ति गानों के साथ सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी सहित लू, वज्रपात आदि से बचाव हेतु प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया जाए। मण्डलायुक्त ने स्कूली वाहनों, बसों के फिटनेस जांच को गम्भीरता से लेते हुए मण्डल के सभी एआरटीओ को शत प्रतिशत फिटनेस सुनिश्चित करने पर बल दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर नीलगाय प्रभावित स्थलों पर सचेतक बोर्ड लगाना सुनिश्चित करें। सड़कों पर दुर्घटना से बचाव हेतु रिफ्लेक्टर, साइनेज आदि लगाया जाए। नेशनल हाईवे पर स्पीड साइनेज लगाये जाएं तथा ओवर स्पीड के निगरानी हेतु कैमरे लगाये जाएं। ड्रंक एण्ड ड्राइविंग रोकने हेतु प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। चिन्हित ब्लैक स्पॉट स्थलों पर पीडब्ल्यूडी व संबंधित विभाग दुर्घटनाओं को रोकने हेतु स्थल मुताबिक आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करंे। पुलिस व यूपीडा टीम मिलकर सहयोग समन्वय बनाते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर प्रभावी पेट्रोलिंग करते हुए अनावश्यक रूके वाहनों को आगे निर्धारित स्थल पर ही रोकने हेतु जागरूक करें।

मण्डलीय कानून व्यवस्था की बैठक के अन्तर्गत मण्डलायुक्त ने सख्त निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों व शहरी क्षेत्रों में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले भू माफियाओं, कब्जाधारकों पर तत्काल विधिक कार्यवाही कर कब्जा मुक्त करवायंे। महिला अपराध की समीक्षा के दौरान महिलाओं की गुमशुदगी को गम्भीरता से लेते हुए जांच व कार्यवाही करने का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त ने कहा कि मण्डल में संचालित अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अभियुक्तों के ऊपर गुण्डा एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही की जाए। मण्डलायुक्त ने तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया कि आगामी त्योहारों एवं आयोजित होने वाले प्रतियोगी परीक्षाओं के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किये जाएं। उन्होने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर जनपद में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करायें।

पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने मण्डलायुक्त को अवगत कराया कि विगत त्योहार- गंगा दशहरा, बकरीद व प्रतियोगी परीक्षाओं आदि को पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से पूरी संवेदनशीलता के साथ सम्पन्न कराया गया है। इसी प्रकार आगामी त्योहारों एवं प्रस्तावित प्रतियोगी परीक्षाओं को भी सकुशल सम्पन्न कराया जायेगा। उन्होने मण्डलायुक्त को अवगत कराया कि अपराधियों के विरूद्ध प्रभावी पैरवी कराते हुए सजा दिलाई गयी है। महिला अपराध के विरूद्ध भी प्रभावी कार्यवाही कार्यवाही की जा रही है।

बैठक में जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ परीक्षित खटाना, मुख्य विकास अधिकारी मऊ विवेक कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी बलिया ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात आजमगढ़ पंकज कुमार श्रीवास्तव, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पाण्डेय सहित सम्बंधित मण्डलीय अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।