TV 20 NEWS || AZAMGARH :पी०एम०सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से होगा कायापलट,आजमगढ़ सोलर ऊर्जा से बनेंगा आत्मनिर्भर
पी०एम०सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से होगा कायापलट,आजमगढ़ सोलर ऊर्जा से बनेंगा आत्मनिर्भर
पी०एम० सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य प्रत्येक घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है
पीएम सूर्य घर योजना न केवल विद्युत खर्च को कम करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को भी प्रोत्साहित करेगी
आजमगढ़, 02 मई 2026
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पी०एम० सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, अधिकाधिक लाभार्थियों को जोड़ने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को सुनिश्चित करना था।
बैठक में परियोजना अधिकारी नेडा/डीएसटीओ आर डी यादव द्वारा योजना की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया गया कि जनपद आजमगढ़ को कुल 11,034 सोलर संयंत्रों की स्थापना का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके सापेक्ष अब तक 8,160 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 6,521 में वेण्डर का चयन किया जा चुका है। साथ ही 3,285 सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा 2,807 लाभार्थियों को सब्सिडी भी जारी की जा चुकी है।
समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बैंकवार लंबित प्रकरणों का गहन परीक्षण किया गया। बताया गया कि जनपद के 14 बैंकों की 289 शाखाओं में कुल 3,858 आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें 1,614 आवेदन स्वीकृत, 906 (23.48 प्रतिशत) अस्वीकृत तथा 1,338 आवेदन लंबित हैं। इस स्थिति पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से निरस्त न किया जाए। यदि आवेदन में कोई कमी हो तो संबंधित आवेदक से समन्वय स्थापित कर उसे पूर्ण कराते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पी०एम० सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना माननीय प्रधानमंत्री जी की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। यह योजना न केवल विद्युत खर्च को कम करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को भी प्रोत्साहित करेगी।
उन्होंने सभी पंजीकृत वेण्डरों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने हेतु जनजागरूकता बढ़ाएं तथा शीघ्रता से सोलर प्लांट की स्थापना सुनिश्चित करें, ताकि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों को सौर ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
बैठक में आईएएस प्रशिक्षु सिद्धार्थ सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) पवन कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






